अपराध नियंत्रण को सुपर पेट्रोलिंग, चार जोन में बांटा जिला

 


किशनगंज, 20 सितंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर सुपर पेट्रोलिंग व्यवस्था शुरू की गई है। इसके तहत जिले को चार जोन में बांटकर वरीय पुलिस पदाधिकारियों को गश्ती की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। रविवार को एसपी संतोष कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। संबंधित जोन के पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग सीधे संपर्क कर सकें। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर नजर रखी जा रही है।

शनिवार की रात भी 2:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक पुलिस पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करते रहे। शुक्रवार रात इंस्पेक्टर सह यातायात थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बीबीगंज, टेढ़ागाछ, फतेहपुर, कोढ़ोबाड़ी और झाला पिकेट का निरीक्षण किया। वहीं अवर निरीक्षक रूबी कुमारी, परिचारी श्वेता कुमारी और अवर निरीक्षक राजकिशोर को भी अलग-अलग क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया।

सुपर पेट्रोलिंग के दौरान प्रतिनियुक्त अधिकारी थानों की ओडी, गश्ती दल, गार्ड चेकिंग और ईआरवी की जांच कर रहे हैं। डीएसपी और पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारी भी समय-समय पर आकस्मिक जांच कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह