सुपौल वुमेन आईटीआई में स्टार्टअप जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

 


सुपौल, 21 मार्च (हि.स.)। जिले में महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वुमेन आईटीआई में एक दिवसीय स्टार्टअप जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला स्टार्टअप समन्वयक प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें छात्राओं को उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के प्राचार्य सरोज कुमार सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें। उन्होंने छात्राओं को अपने कौशल और रचनात्मक विचारों के आधार पर नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

स्टार्टअप फैकल्टी इंचार्ज शादाब आज़म सिद्दीकी ने सत्र के दौरान व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं और सफल स्टार्टअप के प्रमुख पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सही योजना, मेहनत और नवाचार के जरिए छात्राएं भी सफल उद्यमी बन सकती हैं।

कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण प्रश्न भी पूछे। जिला स्टार्टअप समन्वयक प्रदीप कुमार ने उन्हें व्यवसाय योजना बनाने, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और स्टार्टअप को सफल बनाने के व्यावहारिक तरीकों के बारे में भी मार्गदर्शन दिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्र प्रतिनिधि रोहित राज, आयुष राज एवं सूरज कुमार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और नई सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

छात्राओं ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र