सुपौल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के रंग में दिखा शहर
सुपौल, 12 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत जिला प्रशासन, सुपौल के तत्वावधान में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पूर्वाह्न 9 बजे लोहिया नगर चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा स्टेशन चौक, महावीर चौक एवं अंबेदकर चौक होते हुए गांधी मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस, उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधि, स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राएं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, एएनएम तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं आमजनों की भागीदारी ने कार्यक्रम को भव्य बना दिया।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से आमजनों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने की अपील की। तिरंगा यात्रा में शहर के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। वंदे मातरम और भारत माता की जाय के नारे से शहर गूंज उठा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र