सुपौल में सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित

 




सुपौल, 20 मई (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास निगम, सुपौल के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, सुपौल द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत किशनपुर प्रखंड के कदमपुरा, कटहारा, दुबियाही एवं राजपुर पंचायतों में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सेविकाओं एवं स्थानीय महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं लैंगिक हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार द्वारा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना था।

इस दौरान DHEW की टीम ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इससे बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। टीम ने विवाह की वैधानिक आयु एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी सेविकाओं और कर्मियों से अपने-अपने पोषक क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पोषण, साइबर सुरक्षा एवं किशोरियों की शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही संकट की स्थिति में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि सदर अस्पताल परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में कानूनी सहायता, परामर्श सेवा, अस्थायी आश्रय, चिकित्सा सुविधा एवं पुलिस सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।अधिकारियों ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई, ताकि जरूरतमंद महिलाएं एवं बच्चे समय पर सहायता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। मौके पर जिला मिशन समन्वयक हरिनारायण कुमार, परामर्शी अर्चना कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ नीतू कुमारी एवं मोहम्मद तारीक सिद्धकी, महिला पर्यवेक्षिका रंजीता कुमारी, सेविकाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र