सुपौल सदर अस्पताल में महिला की मौत, परिजन ने डॉक्टर पर लापरवाही का लगाया आरोप

 




सुपौल, 26 मार्च (हि.स.)। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार देर शाम एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।

मृतका किशनपुर थाना क्षेत्र के मोधरा राजपुर पंचायत, वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय मोहम्मद जहूर की पत्नी बीवी शयरून निशा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, महिला को हल्की उल्टी और सीने में दर्द की शिकायत थी, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।

आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी डॉक्टर ने तुरंत इलाज शुरू नहीं किया। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक अपनी कुर्सी से नहीं उठे और मरीज के पुराने पर्चे (पुर्जे) की मांग करने लगे। परिजन जब तक पुराने कागजात लेकर वापस लौटे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद माहौल नियंत्रित किया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को परिजनों को सौंप दिया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए घर ले जाया गया।

इस घटना के बाद सदर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजन दोषी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र