सुपौल में भीषण सड़क हादसा, ससुराल जा रहे युवक की मौत

 




सुपौल, 15 मई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजन में कोहराम मच गया। हादसा महेशुआ पंचायत अंतर्गत गंभीरपुर स्थित एनएच-327 ई पर हुआ।

मृतक त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के जागुर वार्ड संख्या 12 निवासी दीपनारायण यादव के 22 वर्षीय पुत्र गजेन कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गजेन कुमार अपने घर से बाइक पर ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और इसकी सूचना त्रिवेणीगंज थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाइक में मिले कागजात के आधार पर मृतक की पहचान की गई, जिसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र