सुपौल में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

 




सुपौल, 27 मई (हि.स.)। जिले में फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने त्रिवेणीगंज और छातापुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम त्रिवेणीगंज प्रखंड के बघेली एवं पथरागौरधाय पंचायत के साथ-साथ छातापुर प्रखंड बाजार पहुंचे और वहां चल रहे FR आईडी निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौजूद सभी कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी रैयत भू-धारकों की फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी हर हाल में बनाई जाए।

डीएम ने कहा कि संबंधित कर्मी लोगों से व्यक्तिगत संपर्क कर आईडी निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करें। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान में सहयोग करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी आईडी यूजर अपने आवंटित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल कृषि पदाधिकारी त्रिवेणीगंज, प्रखंड कृषि पदाधिकारी त्रिवेणीगंज एवं छातापुर, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने आम किसानों और रैयत भू-धारकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पंचायत स्तरीय कर्मियों अथवा नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर जल्द से जल्द फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनवा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र