सुपौल -पिपरा पथ पर बस-बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत, दो घायल

 




सुपौल, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के पथरा के समीप एन एच - 327 ई. शाम बस की चपेट में आ जाने से बाइक सवार एक युवक की घटना-स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लाेग जिन्दगी और मौत से जूझ रहा है।

पिपरा की ओर से आ रही बस पथरा के निकट कटैया से चैन सिंहपट्टी जा रहे बाइक को अपने चपेट में ले लिया और करीब पचास मीटर तक सड़क पर घसीटता रहा, जिससे बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार महिला सुवेदा खातुन और उनके बेटे बुरी तरह घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक बस के चक्का में फंस गया था, जिसे बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया और दोनों घायल को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया। मृतक मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सिहपुर निवासी मोहम्मद प्रवेज है। प्रवेज अपनी जेठ साली कटैया निवासी मोहम्मद शमसेर की पत्नी सुवेदा खातुन और उनके बेटे मोहम्मद अलीशेर 10 वर्ष को कटैया से अपने ससुराल चेनसिंह पट्टी ले जा रहे थे कि पथरा में दुर्घटना का शिकार हो गया।

लोगों ने बताया घटना के बाद बस चालक बस लेकर भाग निकला। घटना के एक घंटे बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे,थानाध्यक्ष किशोर कुमार एवं सब इंस्पेक्टर संजय कुमार घटनास्थल का जायजा लिया।

थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस फरार बस और बस मालिक के पहचान के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र