सुपौल के 2.73 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 30.04 करोड़ रुपये
सुपौल, 10 नवंबर (हि.स.)। बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 पेंशनधारियों के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये भेजे गए। राज्यभर में कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये की राशि अंतरित की गई।
जिले के 2 लाख 73 हजार 107 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 30 करोड़ 4 लाख 17 हजार 700 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। पेंशन राशि के हस्तांतरण को लेकर जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया।
जिले में योजनावार पेंशन राशि के हस्तांतरण की बात करें तो मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,76,619 लाभार्थियों के खाते में 19 करोड़ 42 लाख 80 हजार 900 रुपये भेजे गए। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 53,131 लाभार्थियों को 5 करोड़ 84 लाख 44 हजार 100 रुपये मिले।
इसके अलावा लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 12,164 लाभार्थियों के खाते में 1 करोड़ 33 लाख 80 हजार 400 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 14,551 लाभार्थियों को 1 करोड़ 60 लाख 6 हजार 100 रुपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 15,790 लाभार्थियों के खाते में 1 करोड़ 73 लाख 69 हजार रुपये अंतरित किए गए। वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 852 लाभार्थियों को 9 लाख 37 हजार 200 रुपये भेजे गए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अनुराग कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। पेंशनधारियों ने समय पर पेंशन राशि का भुगतान किए जाने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र