सुपौल में अब सुबह 8 से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री, रविवार को भी लागू रहेगा आदेश

 

सुपौल, 24 नवंबर (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ रही यातायात की समस्या और भारी वाहनों के प्रवेश से लगने वाले जाम को देखते हुए जिला प्रशासन ने नो-एंट्री की अवधि बढ़ा दी है। अब सुपौल नगर क्षेत्र में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी एवं बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था रविवार सहित सप्ताह के सभी दिनों में प्रभावी रहेगी।

इस संबंध में जिलाधिकारी सावन कुमार ने मंगलवार को आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर, हाइवा सहित सभी प्रकार के भारी एवं बड़े मालवाहक वाहनों का निर्धारित समय के दौरान नगर क्षेत्र में प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन का मानना है कि भारी वाहनों के प्रवेश से शहर में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।

हालांकि, आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। पुलिस, अग्निशमन, पुलिस एवं प्रशासनिक कार्यों, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति से जुड़े वाहनों तथा प्रशासन से अनुमति प्राप्त वाहनों को निर्धारित शर्तों के अनुसार आवागमन की अनुमति रहेगी। चिकित्सा सामग्री ले जाने वाले वाहनों को भी छूट दी गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को नियमित निगरानी रखने और नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन के इस फैसले से शहर में जाम की समस्या कम होने और आम लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र