26 फरवरी की राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक ड्रिल को लेकर सुपौल में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित
सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। समाहरणालय, सुपौल स्थित लहटन चौधरी सभागार में मंगलवार को नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी, नई दिल्ली द्वारा 26 फरवरी को आयोजित राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक एक्सरसाइज के सफल संचालन हेतु टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार के साथ राज्य के सभी जिलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), सुपौल श्री मो. तारिक ने की।बैठक में जिला स्तरीय सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने विभाग की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों एवं कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की।
एनदीएमए, नई दिल्ली के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह मॉक ड्रिल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आपदा से बचाव, तत्परता, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने, त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 फरवरी को आयोजित मॉक एक्सरसाइज को वास्तविक परिदृश्य के अनुरूप क्रियान्वित किया जाएगा, ताकि संभावित भूकंप आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर सके।
जिला प्रशासन, सुपौल ने आपदा प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से मॉक एक्सरसाइज को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र