सुपौल में 14 मार्च को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

 


सुपौल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। इस सफल बनाने के लिए सोमवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष अनंत सिंह के दिशा-निर्देश पर प्राधिकार के सचिव अफजल आलम की अध्यक्षता में उनके प्रकोष्ठ में बैठक हुई।

बैठक में सभी अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं न्यायिक दंडाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक चिन्हित मामलों में शीघ्र नोटिस निर्गत कर 14 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उनका निःशुल्क निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक लगभग 3000 से अधिक चिन्हित मामलों में नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित पक्षों को लोक अदालत में उपस्थित होने की अपील की गई है, ताकि आपसी सहमति से त्वरित न्याय मिल सके।

बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं प्रभारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी गुरु दत्त शिरोमणि,अपर मुख्य न्यायिक अधिकारी श्याम नाथ साह,सुदीप पाण्डेय (सिविल जज जूनियर डिवीजन),भावेश कुमार (न्यायिक दंडाधिकारी),आदित्य कुमार (न्यायिक दंडाधिकारी), चेतन आनंद (न्यायिक दंडाधिकारी) एवं राखी कुमारी (न्यायिक दंडाधिकारी) सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र