सुपौल की एमवीआई सीता कुमारी के निलंबन की अनुशंसा, पति की हत्या मामले में विभागीय कार्रवाई तेज
सुपौल, 16 जुलाई (हि.स.)। सुपौल में पदस्थापित मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सीता कुमारी के खिलाफ पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजकर सीता कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा सेवा नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू करने की अनुशंसा की है।
डीएम ने बताया कि मामले की जानकारी मीडिया रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई से मिलने के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी के माध्यम से पूरी रिपोर्ट परिवहन विभाग को भेजी गई। उन्होंने कहा कि गंभीर आपराधिक मामले में गिरफ्तार किसी भी सरकारी अधिकारी के खिलाफ सेवा नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई होना जरूरी है।गौरतलब है कि 11 जून को जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर के दौरान जमुई में कार्यरत विद्युतकर्मी देव कुमार गुंजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। करीब 34 दिन बाद कटिहार रेल पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दावा किया कि हत्या की साजिश मृतक की पत्नी और सुपौल में तैनात MVI सीता कुमारी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।
पुलिस के अनुसार हत्या के लिए शूटरों को सुपारी दी गई थी। इस मामले में सीता कुमारी, उसके कथित प्रेमी, शूटर समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस की कार्रवाई के बाद अब प्रशासनिक स्तर पर भी सीता कुमारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र