सुपौल में मध्यस्थता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मध्यस्थ सम्मानित
सुपौल, 18 अगस्त (हि.स.)। सर्वोच्च न्यायालय के प्रशासकीय पत्र के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सुपौल के सचिव मो. अफजल आलम के द्वारा मध्यस्थता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मध्यस्थों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. राकेश कुमार सिंह-I ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले मध्यस्थ शीलभद्र कुमार सिंह, हित नारायण झा एवं शक्ति कुमारी सारिका को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने मध्यस्थता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विभिन्न विवादों का समाधान आपसी सहमति और समझौते के आधार पर शीघ्रता से कराया जा सकता है। इससे न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने के साथ-साथ पक्षकारों के बीच आपसी सौहार्द बनाए रखने में भी मदद मिलती है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. राकेश कुमार सिंह-I ने अपने संबोधन में कहा कि मध्यस्थता न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, त्वरित और जनसुलभ बनाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सम्मानित मध्यस्थों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यस्थता के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज में सौहार्द, विश्वास एवं न्यायिक सहयोग को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने की प्रक्रिया से दोनों पक्षों को समय और संसाधनों की बचत होती है तथा आपसी संबंध भी बेहतर बने रहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी सम्मानित मध्यस्थों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र