सुपौल में 10 कट्ठा जमीन विवाद में घायल युवक की 13 दिन बाद मौत

 




सुपौल, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनिया वार्ड-12 निवासी 33 वर्षीय रोशन कुमार की जमीन विवाद में घायल होने के 13 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को एनएच-327ई पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 20 जून की रात लक्ष्मीनिया निवासी रोशन कुमार विवादित 10 कट्ठा जमीन की ट्रैक्टर से जुताई कराने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि हथियार से लैस लोगों ने रोशन कुमार को ट्रैक्टर से उतारकर फरसा समेत अन्य धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद पहले उनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें पटना रेफर किया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए सिलीगुड़ी ले जाया जा रहा था।

इसी दौरान गुरुवार देर रात फुलपरास के समीप रास्ते में उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष, सर्किल इंस्पेक्टर एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे और समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया।

मृतक की मां लालो देवी के बयान पर त्रिवेणीगंज थाना में कांड संख्या 237/26 दर्ज किया गया है, जिसमें कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी कांड संख्या 236/26 दर्ज कर 17 नामजद एवं 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

मृतक अपने पीछे पत्नी पिंकी भारती, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र