सुपौल में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन की नजर, कालाबाजारी रोकने के लिए सख्ती
सुपौल, 25 मार्च (हि.स.)। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस संबंध में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से गैस एजेंसियों के वितरण और भंडारण की जांच करने का निर्देश दिया गया है।
जिले में कुल 51 एलपीजी गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें से 50 एजेंसियों पर फिलहाल गैस सिलेंडर उपलब्ध है। एक एजेंसी पर शीघ्र ही गैस की आपूर्ति होने की संभावना है। तेल कंपनियों द्वारा अस्पतालों एवं सरकारी संस्थानों को वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तेल विपणन कंपनियों से लगातार संपर्क भी किया जा रहा है।जिले की गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में लगभग 11,092 गैस सिलेंडरों का भंडार मौजूद है। 24 मार्च को करीब 3,666 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई, जबकि लगभग 17,757 उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जानी है। सभी गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी के माध्यम से गैस पहुंचाने का कार्य जारी है।
प्रशासन द्वारा अब तक जिले की 51 गैस एजेंसियों में से 38 की जांच की जा चुकी है। इसके अलावा 78 होटलों और प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई है। समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में घरेलू गैस सिलेंडरों के उठाव और वितरण की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, 25 मार्च को नियंत्रण कक्ष में गैस आपूर्ति से संबंधित 7 शिकायतें और सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनका संबंधित अधिकारियों द्वारा निपटारा किया जा रहा है।
इसी क्रम में बसंतपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने के आरोप में राजरानी होटल के मालिक सुनील कुमार ठाकुर के खिलाफ बीरपुर थाना में कांड संख्या 128/2026 के तहत 21 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के आरोप में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्राथमिकी संख्या 79/26 दिनांक 20 मार्च को दर्ज कराई गई है।
इसके अतिरिक्त राघोपुर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा करजाइन थाना में प्राथमिकी संख्या 52/2026 दिनांक 18 मार्च को दर्ज कराई गई है। इसमें सरसों रूरल इंडेन ग्रामीण वितरक, राघोपुर के खिलाफ 122 गैस सिलेंडरों के कम स्टॉक होने का मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में बॉटलिंग प्लांट से नियमित आपूर्ति हो रही है और जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए फिलहाल किसी प्रकार के आपूर्ति संकट की संभावना नहीं है। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों के गोदामों पर भीड़ न लगाएं। सभी एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र