सुपौल में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने गिनाईं विकास योजनाओं की उपलब्धियां
सुपौल, 15 अगस्त (हि.स.)।
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य राजकीय समारोह स्थानीय ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित हुआ।
यहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने विधिवत राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आम लोग मौजूद रहे।इस अवसर पर जिले के सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, राजनीतिक दलों के कार्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
गांधी मैदान में संबोधन के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में संचालित जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की उपलब्धियों और प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 123 बच्चों को चिह्नित किया गया।
इन बच्चों को नि:शुल्क इलाज एवं शल्य चिकित्सा के लिए भेजा गया, जिनमें 65 बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया जा चुका है।प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी महा न्याय अभियान के तहत जिले में 38 चयनित पात्र लाभुकों के पक्के आवास की स्वीकृति दी गई है।
हिट एंड रन मुआवजा योजना के तहत प्राप्त 272 स्वीकृत आवेदनों में से 117 सड़क दुर्घटना पीड़ितों अथवा उनके आश्रितों को बीमा परिषद के माध्यम से अनुग्रह अनुदान की राशि का सीधे भुगतान किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के प्रमुख कार्यालयों और संस्थानों में पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
समाहरणालय, गांधी मैदान एवं मेला समिति में जिलाधिकारी सावन कुमार ने ध्वजारोहण किया। व्यवहार न्यायालय में जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. राकेश कुमार, जिला पुलिस केंद्र में पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस., जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्ष कमला देवी तथा सदर अनुमंडल कार्यालय एवं पटेल सेवा संघ में अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साह ने ध्वजारोहण किया। सदर अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा, विधिज्ञ संघ में अध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, प्रखंड परिसर में प्रखंड प्रमुख निरंजना देवी, सदर थाना में थानाध्यक्ष रामसेवक रावत, पब्लिक लाइब्रेरी एंड क्लब में सचिव राजेंद्र प्रसाद यादव, लायंस क्लब में सचिव डॉ. आर.के. यादव, सार्थक एकेडमी में निदेशक राजन चमन तथा व्यापार संघ भवन में अध्यक्ष अमर कुमार चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भाजपा जिला कार्यालय में नरेंद्र ऋषिदेव ने ध्वजारोहण किया। जदयू जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने तिरंगा फहराया। कांग्रेस जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अनुपम की अगुवाई में झंडोत्तोलन किया गया।
राजद जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके अलावा गांधी स्मारक, अंबेडकर चौक और रेडक्रॉस भवन सहित सुपौल शहर के विभिन्न स्थानों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र