सुपौल में करंट लगने से वर्षीय युवक की मौत
सुपौल, 23 जुलाई (हि.स.)। जिले के नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया पंचायत स्थित वार्ड-13 में गुरुवार सुबह करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक शिव नारायण मंडल के 23 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार है।बताया गया कि अनिल कुमार सुबह अपने पड़ोसी के घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिजली का एक तार टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था, जिसमें विद्युत प्रवाहित हो रही थी। अनिल जैसे ही उस तार की चपेट में आया, उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा।घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली ले जाने का प्रयास किया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
ललमनिया पंचायत के मुखिया अनिल आनंद ने बताया कि रास्ते में बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था और उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। उसी की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। समय पर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।घटना के बाद अनुमंडलीय अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने लोगों को समझाकर व्यवस्था बनाए रखी।
नदी थानाध्यक्ष सुमित कुमार भारती ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच की जा रही है। इधर, ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर एवं टूटे बिजली तारों की नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र