जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में पीड़ितों को समय पर मुआवजा देने पर जोर

 


सुपौल, 25 फ़रवरी (हि.स.)।वीजिले में बुधवार को डीएम सावन कुमार की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कार्यालय वेश्म में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, विशेष लोक अभियोजक सहित समिति के अन्य सदस्य एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अत्याचार के पीड़ितों को निर्धारित प्रावधानों के तहत ससमय मुआवजा एवं अन्य सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। पुलिस अधीक्षक से प्राप्त सभी मुआवजा प्रस्तावों की समीक्षा के उपरांत उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई।

विशेष लोक अभियोजक को निर्देशित किया गया कि गवाहों को यात्रा भत्ता एवं दैनिक भत्ता का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए गवाहों की सूची, बैंक पासबुक की प्रति, आधार विवरण एवं गवाही की तिथि सहित आवश्यक दस्तावेज जिला कल्याण पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं।

हत्या से संबंधित मामलों में आरोप गठन के बाद नियमानुसार नियोजन की कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए डीएम ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि संबंधित थानाध्यक्षों को अपने स्तर से निर्देशित कर ससमय अंतिम आरोप पत्र दाखिल कराना सुनिश्चित करें।

अंत में अध्यक्ष ने सभी उपस्थित सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्र में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मिलने वाले लाभों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र