सुपौल में धान अधिप्राप्ति को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक
सुपौल, 20 मई (हि.स.)। सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में मंगलवार को धान अधिप्राप्ति से संबंधित जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता सावन कुमार ने की। बैठक में उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बिहार राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक राजीव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी रामबाबू सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी एवं विभिन्न राइस मिलों के संचालक और प्रबंधक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राइस मिलों द्वारा सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) जमा करने की धीमी प्रगति और विलंब पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी मिलरों को स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 जून 2026 से पहले निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सीएमआर बिहार राज्य खाद्य निगम को हर हाल में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के पैक्सों से सीएमआर के बदले धान की आपूर्ति सुनिश्चित करें। साथ ही अवशेष धान का नियमित निरीक्षण कर उसकी अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र