सुपौल में कांवरियों से भरी बस कंटेनर से टकराई, 75 यात्री सुरक्षित, एनएच-27 पर बड़ा हादसा टला

 




सुपौल, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत मारेर गड़िया के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार सुबह कांवरियों से भरी एक बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब बस के आगे चल रहे कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे चल रही बस के चालक को वाहन नियंत्रित करने का पर्याप्त समय नहीं मिला और बस कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि बस में सवार लगभग 75 कांवरियां सुरक्षित है। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि बस बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रही थी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।सूचना मिलने पर भपटियाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 की बदहाल स्थिति और अधूरे निर्माण कार्य पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण लगातार छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग करते हुए भविष्य में बड़े हादसों की आशंका जताई।

भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र