दिल्ली में दस्तक की वार्षिक आमसभा में फारबिसगंज के सीए सुनील भंसाली निर्विरोध अध्यक्ष,बधाईयों का लगा तांता
अररिया 26 मई(हि.स.)।
दिल्ली की संस्था दस्तक की वार्षिक आम सभा में फारबिसगंज के सीए सुनील भंसाली सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष मनोनीत किए गए।
चुनाव अधिकारी विजय सिंह बैद एवं गणेश बोथरा द्वारा जैसे ही उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की गई, पूरा सभागार तालियों की से गूंज उठा।
सुनील भंसाली मूल रूप से फारबिसगंज के प्रतिष्ठित भंसाली परिवार से संबंध रखते हैं और वर्तमान में दिल्ली में रहकर चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
वे स्वर्गीय झावर लाल भंसाली के सुपुत्र हैं। व्यावसायिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक, धार्मिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।उनकी सादगीपूर्ण कार्यशैली, सकारात्मक सोच, मिलनसार व्यक्तित्व एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण भावना को देखते हुए संस्था के सभी सदस्यों ने उन पर पूर्ण विश्वास जताते हुए संस्था की कमान सौंपी।
दिल्ली की दस्तक संस्था वर्षों से समाजहित में विभिन्न रचनात्मक कार्य करती आ रही है। संस्था जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान एवं जनजागरूकता अभियान, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन तथा युवाओं को समाजसेवा से जोड़ने जैसे कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है।
सुनील भंसाली के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर शहर के गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर