गर्मी बढ़ते ही सदर अस्पताल सुपौल में मरीजों की भीड़, दवा काउंटर पर लंबी कतार
सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। भीषण गर्मी और मौसम में बदलाव के बीच सदर अस्पताल सुपौल में मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। सोमवार को अस्पताल की वस्तु स्थिति का जायजा लेने पर हर विभाग में मरीजों की भीड़ नजर आई, जबकि डॉक्टर अपनी-अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहे।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों में डॉ. शशि रंजन, डॉ. राजेश कुमार पासवान, डॉ. आलोक कुमार और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ कुमार अपने कार्य में लगे हुए थे। सभी विभागों में चिकित्सक उपस्थित थे और मरीजों का इलाज किया जा रहा था। हालांकि, सबसे ज्यादा भीड़ दवा काउंटर पर देखने को मिली, जहां मरीजों की लंबी कतार लगी रही। तेज धूप और उमस के बावजूद लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
डॉ. शशि रंजन ने बताया कि मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी के कारण मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं सिविल सर्जन बाबू साहब झा ने जानकारी दी कि अस्पताल में दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और स्वास्थ्यकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सभी मरीजों को समय पर इलाज और दवा मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र