श्रावणी मेला में 13 दिन शेष, तैयारी अधूरी

 


भागलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में महज 13 दिन शेष रह गए हैं। उधर जिला प्रशासन के निर्देश पर अजगैविनाथ गंगा घाट और नमामि गंगा घाट पर युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही है।

इसके बावजूद अबतक कांवरिया पथ पर मिट्टी और बालू भराई का काम पूरा नहीं हो पाया है। जिस कारण कंवरिया पथ जर्जर और कीचड़मय बना हुआ है। उधर धांधली बेलारी में जिला प्रशासन द्वारा कांवरियों के ठहराव स्थल पर जर्मन हेंगर का कार्य युद्ध स्तर किया जा रहा है। वहीं मेला क्षेत्र मे बनाये गये पार्किंग स्थल पर अभी तक कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करायी गया है। पार्किंग स्थल पर शौचालय, पानी और रोशनी का इंतजाम किया जाना है।

विभागीय अधिकारी के द्वारा लगातार तैयारी में लापरवाही बरती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला का तैयारी जिस गति से चल रही है, उससे कांवरियों को उचित सुविधा मिलना नामुमकिन लगता है। समय रहते सभी तैयारी करने का निर्देश जिला प्रशासन द्वारा दिया गया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई पहल नहीं किया गया है। खास करके कच्ची कांवरिय पथ पर बालू का छिड़काव पूरा नहीं किया गया है।

सड़क पर कई जगहों पर गड्ढा बना हुआ है। जल जमाव की स्थिति देखने को मिल रहा है। वहीं कांवरिया पथ के किनारे दुकानदारों द्वारा दुकान बनाने की तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दिया गया है। दुकानदारों का कहना है कि श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। दुकान बनाए जाने के बाद कांवरियों को ठहरने और खाने पीने की सुविधा पथ पर मिल पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर