5-6 नवंबर को सुकमारपुर में होगा विराट संतमत सत्संग ध्यान अधिवेशन, तैयारियां तेज
सुपौल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। नगर परिषद क्षेत्र के सुकमारपुर में आगामी 5 एवं 6 नवंबर 2026 को दो दिवसीय विराट संतमत सत्संग ध्यान अधिवेशन का भव्य आयोजन किया जाएगा। अधिवेशन की सफलता को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद शिवराम यादव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की जानकारी देते हुए अखिल भारतीय संतमत सत्संग महासभा के सदस्य सह जिला संतमत सत्संग समिति, सुपौल के सहायक मंत्री डॉ. अमन कुमार ने बताया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य संत शिरोमणि सद्गुरु महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के मानवतावादी, शांति एवं आत्मकल्याणकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में बढ़ते तनाव, नशे की प्रवृत्ति और अशांति के बीच संतमत का ध्यान-योग एवं सत्संग लोगों को मानसिक शांति और आत्मिक कल्याण का मार्ग दिखा सकता है। ऐसे आयोजनों से लोगों को आध्यात्मिक चेतना, सदाचार और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है।
डॉ. अमन कुमार ने बताया कि इस विराट अधिवेशन में महर्षि मेंहीं आश्रम, हरिद्वार के अंतरराष्ट्रीय संतमत प्रवक्ता परम पूज्य स्वामी सत्यानन्द जी महाराज मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में शामिल होंगे। उनके प्रवचनों में ध्यान की सरल विधि, सत्संग का महत्व तथा महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के अमृत वचनों पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
दो दिवसीय अधिवेशन के दौरान प्रतिदिन सुबह छह बजे से तथा अपराह्न दो बजे से ध्यान, भजन, सत्संग एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न उपसमितियों का गठन किया गया है। इन समितियों को प्रचार-प्रसार, मंच व्यवस्था, पंडाल निर्माण, जलपान तथा अतिथियों के स्वागत सहित अन्य जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में पूर्व मुख्य पार्षद जगदीश प्रसाद यादव, महात्मा बेचन यादव, अभिनारायण यादव, जनार्दन यादव, संजय यादव, गंगा प्रसाद यादव, गुरुदेव बाबा, गणेश प्रसाद साह, रामचन्द्र यादव, अरुण कुमार यादव, दशरथ यादव, विशाल कुमार, जय प्रकाश यादव, राम प्रसाद शर्मा, अमलेश कुमार यादव, रामबहादुर यादव, राजेन्द्र प्रसाद मंडल, राज नारायण यादव, रमेश ठाकुर, शंकर मंडल एवं डॉ. बिनोद यादव सहित दर्जनों सत्संग प्रेमी उपस्थित थे।
आयोजन समिति ने अधिवेशन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए श्रद्धालुओं और सत्संग प्रेमियों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र