लैलख ममलखा स्टेशन पर ट्रैक लेआउट का सफल सुधार: ट्रेनों का परिचालन होगा अधिक सुरक्षित और सुचारु

 


भागलपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेल की अवसंरचना में सुधार और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने की दिशा में मालदा रेल मंडल को एक बड़ी सफलता मिली है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग विभाग ने लैलख ममलखा रेलवे स्टेशन के भागलपुर छोर पर स्थित पॉइंट संख्या 58ए एवं 58बी के बाध्य ट्रैक लेआउट का सफलतापूर्वक सुधार कर लिया है। यह चुनौतीपूर्ण कार्य 27 और 28 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि के दौरान निर्धारित ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक की अवधि के भीतर पूरा किया गया।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्य का मुख्य उद्देश्य ट्रैक के संरेखण (अलाइनमेंट) में सुधार करना और मौजूदा ज्यामितीय बाधाओं को दूर करना था। इसके तहत टर्नआउट संख्या 58ए को साहिबगंज छोर की ओर स्थानांतरित किया गया है। इस सुधार के बाद क्रॉसओवर की कुल लंबाई में 2.54 मीटर की वृद्धि हुई है, जिससे ट्रैक ज्यामिति के निर्धारित मानक प्राप्त कर लिए गए हैं। इसके साथ ही मुख्य लाइन के कर्व का पुनः संरेखण किया गया है, जिससे क्रॉसओवर में मौजूद असमान मोड़ (किंक) पूरी तरह समाप्त हो गए हैं। इस तकनीकी रूप से जटिल और चुनौतीपूर्ण कार्य को बेहद सुव्यवस्थित योजना के साथ अंजाम दिया गया।

कार्य के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 (मालदा) और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-3 (मालदा) स्वयं ट्रैक पर मौजूद रहे। सहायक मंडल इंजीनियर (भागलपुर) के सीधे पर्यवेक्षण में स्थायी मार्ग पर्यवेक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस काम को समय पर पूरा करने में रेल इंजीनियरिंग के साथ-साथ विद्युत तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभागों का भी विशेष सहयोग रहा।

मालदा रेल मंडल प्रशासन ने बताया कि वे रेल पटरियों के निरंतर उन्नयन और तकनीकी सुधारों को अपनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और कुशल रेल सेवाएं प्रदान की जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर