सेमेस्टर-3 के परीक्षा परिणाम में तकनीकी गड़बड़ी, छात्रों ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
भागलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। टी.एन.बी. (तेज नारायण बनैली) महाविद्यालय में स्नातक सत्र 2024-28 (सेमेस्टर-3) के परीक्षा परिणाम में हुई गंभीर तकनीकी गड़बड़ी को लेकर बुधवार को छात्र प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने प्राचार्य से मुलाकात की।
छात्रों ने रिजल्ट में त्वरित सुधार की मांग को लेकर प्राचार्य को एक आधिकारिक ज्ञापन सौंपा। टीएनबी कॉलेज के छात्र अध्यक्ष देव सूरज के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि सेमेस्टर-3 के एसईसी-3 विषय के रिजल्ट में बड़ी लापरवाही सामने आई है।
परीक्षा परिणाम में रॉंग एसईसी प्रदर्शित करते हुए छात्रों के क्रेडिट को शून्य (0) कर दिया गया है। इस तकनीकी त्रुटि के कारण छात्र-छात्राओं को अगले सेमेस्टर में नामांकन लेने और आगामी परीक्षा फॉर्म भरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने कॉलेज प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए इस समस्या को सुलझाने के लिए 5 दिनों की समय-सीमा (अल्टीमेटम) निर्धारित की है।
छात्र नेताओं का कहना है कि यदि 5 दिनों के भीतर इस तकनीकी त्रुटि को दुरुस्त कर रिजल्ट का ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो छात्र संगठन कॉलेज परिसर में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जवाबदेही कॉलेज प्रशासन की होगी। इस मौके पर मुख्य रूप से छात्र नेता देव सूरज, अभिषेक, पीयूष कुमार, प्रिया राय सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर