प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों का हंगामा, एसडीओ ने दो घंटे तक की विद्यालय की जांच

 


सीवान, 15 सितंबर (हि.स.)। सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय स्थित एसएस उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में मंगलवार को प्राचार्य लालबाबू कुमार के खिलाफ छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।

बड़ी संख्या में छात्रों ने विद्यालय के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की और प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग की। छात्रों का आरोप है कि शनिवार को दो छात्रों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक छात्र के साथ प्राचार्य ने शराब के नशे में मारपीट की। घटना के बाद विद्यालय बंद होने पर छात्रों ने डायल-112 को सूचना भी दी थी। मंगलवार को विद्यालय खुलने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज छात्र दोबारा धरना पर बैठ गए।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्राचार्य पर शराब के नशे में विद्यालय आने और परिसर में कपड़े खोलकर सोने जैसे गंभीर आरोप लगाए। छात्रों ने परीक्षा फॉर्म भरने में निर्धारित शुल्क से 30 रुपये अधिक वसूलने तथा करीब तीन माह पहले हुई इंटरनल परीक्षा का परिणाम अब तक घोषित नहीं करने की शिकायत भी की। मामले की सूचना मिलने पर महाराजगंज की एसडीओ अनीता सिन्हा विद्यालय पहुंचीं।

उन्होंने पहले प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाकर कक्षाओं में भेजा। इसके बाद प्रत्येक कक्षा से पांच-पांच छात्रों को कॉमन रूम में बुलाकर उनकी शिकायतें बारी-बारी से सुनीं। छात्रों ने प्राचार्य और विद्यालय की व्यवस्था से जुड़ी कई समस्याएं एसडीओ के समक्ष रखीं। छात्रों की शिकायत सुनने के बाद एसडीओ ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कई कमियां मिलने पर उन्होंने प्राचार्य और शिक्षकों को फटकार लगाई। विद्यालय में लगी विषयवार कक्षा-सारणी को देखकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद बीईओ राकेश कुमार को व्यवस्थित कक्षा-सारणी तैयार कराने का निर्देश दिया।

एसडीओ ने विद्यालय के मुख्य गेट को सुबह नौ बजे से 9:40 बजे के बीच बंद रखने का निर्देश दिया, ताकि बाहरी लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने, सभी कक्षाओं पर स्पष्ट रूप से कक्षा का नाम लिखवाने और छात्राओं के लिए मीना मंच का गठन करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक आयोजित कर विकास कोष से चार भवनों का निर्माण कराने को कहा।

एसडीओ करीब दो घंटे से अधिक समय तक विद्यालय में रहीं और विभिन्न बिंदुओं की जांच की। जांच के बाद उन्होंने कहा कि विद्यालय में कई कमियां सामने आई हैं। मामले में आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि प्राचार्य के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। बीईओ राकेश कुमार ने कहा कि यदि विद्यालय के संबंध में उनसे रिपोर्ट मांगी जाएगी तो वे रिपोर्ट भेजेंगे। इधर, शनिवार की मारपीट की घटना को लेकर प्राचार्य लालबाबू कुमार ने छात्रों के शराब के आरोप से इनकार करते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि शौचालय की दीवार पर गलत बात लिखने के कारण उन्होंने छात्र को एक थप्पड़ मारा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma