रंगोली में उकेरी सेवा, सुशासन और विकसित भारत की तस्वीर

 


दरभंगा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत नगर पंचायत कुशेश्वरस्थान पूर्वी की ओर से रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कुशेश्वरस्थान उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय बालक एवं कन्या मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

‘25 साल, 25 उपलब्धियां—एक यात्रा, सेवा, सुशासन और विकसित भारत की’ थीम पर विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण एवं बेहतर भविष्य के संदेश प्रस्तुत किए। विभिन्न रंगों और आकृतियों से सजी रंगोलियों में बच्चों की रचनात्मकता और सामाजिक सरोकार देखने को मिले।

आयोजन ने विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ सामाजिक जागरूकता एवं सकारात्मक बदलाव में अपनी भूमिका समझने का अवसर दिया। नगर पंचायत की इस पहल को रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने वाला प्रयास बताया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra