छात्र आंदोलन के मद्देनजर सुपौल में हाई अलर्ट, पुलिस का फ्लैग मार्च

 


सुपौल, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुए छात्रों के विरोध प्रदर्शन की गूंज अब बिहार तक पहुंच गई है। संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सुपौल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

जिले में दो दिनों के लिए हाई अलर्ट घोषित किए जाने के बाद शुक्रवार को सुबह से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई।

प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस पदाधिकारी और जवान शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त करते रहे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

जिला प्रशासन का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शाम के समय अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मनोहर कुमार साहू एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजीव रंजन के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च सदर थाना क्षेत्र से शुरू होकर महावीर चौक, लोहियानगर चौक, स्टेशन चौक, अस्पताल रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंगा नियंत्रण वाहन तथा अन्य सुरक्षा संसाधन भी शामिल रहे।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वाले या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भी चर्चा का माहौल रहा। कई स्थानों पर लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर पुलिस मार्च को देखते नजर आए।

व्यापारिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे और दैनिक गतिविधियां भी सामान्य ढंग से संचालित होती रहीं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सभी थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों और भ्रामक संदेशों से बचें तथा किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र