मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन शुरू

 

कटिहार, 08 अगस्त (हि.स.)। जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय द्वारा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 की प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण इण्टर, मौलवी और फौकानिया के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस योजना के तहत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से इण्टर प्रथम श्रेणी वर्ष 2026 उत्तीर्ण मुस्लिम छात्राएं, बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड पटना से मौलवी प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण मुस्लिम छात्राएं तथा फौकानिया में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं प्रोत्साहन राशि प्राप्त करने के पात्र हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय के उप निदेशक ने बताया कि आवेदक को बिहार राज्य का निवासी होना अनिवार्य है और उसने संबंधित परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की हो। इसके तहत इण्टर पाठ्यक्रम केवल मुस्लिम बालिकाओं के लिए, मौलवी पाठ्यक्रम केवल बालिकाओं के लिए, तथा फौकानिया पाठ्यक्रम छात्र और छात्रा दोनों के लिए निर्धारित है, जो अधिसूचित अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, सिख, जैन, पारसी, बौद्ध और ईसाई) से संबंध रखते हों।

ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदक को निवास प्रमाण पत्र, अंकपत्र, उत्तीर्णता प्रमाण पत्र, पंजीकरण कार्ड, फोटो एवं हस्ताक्षर, आधार कार्ड, तथा बैंक पासबुक या कैंसिल्स चेक की स्व-अभिप्रमाणित प्रति स्पष्ट रूप से स्कैन कर अपलोड करना आवश्यक है। योग्य विद्यार्थी आधिकारिक ई-कल्याण पोर्टल ([https://ekalyan.bihar.gov.in/mvpy/](https://ekalyan.bihar.gov.in/mvpy/)) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, कटिहार के मोबाइल नंबर 6287594816 या ईमेल आईडी (min.welfare.katihar@gmail.com) पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह