रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने से छात्र का आमरण अनशन

 


भागलपुर, 06 मई (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय भागलपुर में एक छात्र ने प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर जारी नहीं होने से परेशान छात्र ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर बुधवार से आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

छात्र सोनू कुमार जो सत्र 2022-25 का छात्र है, ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय द्वारा उसका रजिस्ट्रेशन नंबर अब तक जारी नहीं किया गया है। इस वजह से वह जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त नहीं कर पा रहा है और उसका नामांकन भी बाधित हो रहा है। छात्र ने बताया कि इस संबंध में उसने 21 अप्रैल और 28 अप्रैल 2026 को परीक्षा नियंत्रक को आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

इसी से आक्रोशित होकर छात्र ने 6 मई 2026 को सुबह 11 बजे से तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर आमरण अनशन शुरू कर दिया है। छात्र का कहना है कि जब तक उसका रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर संबंधित कॉलेज को नहीं भेजा जाता तब तक उसका अनशन जारी रहेगा। फिलहाल इस मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर