मनिहारी आईटीआई में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित, 30 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान

 


कटिहार, 25 अगस्त (हि.स.)। जिले के मनिहारी स्थित आईटीआई कॉलेज में मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने शिरकत की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के 'सबका सम्मान, जीवन आसान निश्चय' के तहत छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं व सुझावों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए अब प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम आधारित पोर्टल sahyog.bihar.gov.in के माध्यम से अपनी शैक्षणिक व छात्रावास से जुड़ी शिकायतें और सुझाव निर्भीक होकर दर्ज कराएं।

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने छात्रों को सुरक्षा व गोपनीयता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा, जिससे किसी भी विद्यार्थी को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर ऑनलाइन परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर उसका अनिवार्य निष्पादन कर आवेदक को लिखित सूचना दी जाएगी। इसके अलावा शिविर और पोर्टल से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए छात्र टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क कर सकते हैं।

उपस्थित छात्र-छात्राओं ने समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह