बैंक कर्मी सह छात्र ने फंदे से लटककर की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित नसरतखानी इलाके में बीते देर रात एक युवक ने पंखे की कुंडी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रंजीत कुमार सिंह के पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात जब परिजन घर लौटे तो साजन अपने कमरे में नहीं दिखा। उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका होने पर जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका, तो साजन का शव पंखे से लटका हुआ मिला। परिजन ने तुरंत दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक ले गए। हालांकि, वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि साजन कुमार एक निजी बैंक में कार्यरत था। वह नौकरी के साथ-साथ बीआरए बिहार विश्वविद्यालय से बीएएमएस की पढ़ाई भी कर रहा था और हाल ही में उसने अपनी परीक्षाएं दी थीं। मृतक के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवक की अचानक हुई इस मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल, आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।घटना की सूचना मिलते ही ललमटिया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर