कमाई घटने से नाराज ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स हड़ताल पर, ऑनलाइन डिलीवरी सेवा ठप
भागलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित ब्लिंकिट कार्यालय के डिलीवरी राइडर्स अपनी कमाई में लगातार हो रही कटौती के विरोध में सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। राइडर्स की इस हड़ताल के कारण शहर में ब्लिंकिट की ऑनलाइन डिलीवरी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनके ऑर्डर लगातार कैंसिल हो रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे डिलीवरी राइडर्स का आरोप है कि पिछले छह महीनों में कंपनी ने उनका कमीशन लगातार घटाया है। पहले शुरुआती 3 किलोमीटर की डिलीवरी पर उन्हें 35 से 36 रुपये मिलते थे, जिसे अब घटाकर महज 24 से 25 रुपये कर दिया गया है। राइडर्स का कहना है कि दिन में 16-16 घंटे तक कड़ी मेहनत करने के बावजूद वे दिनभर में केवल 700 से 800 रुपये ही कमा पा रहे हैं। इस बढ़ती महंगाई में पेट्रोल और गाड़ी के रखरखाव का खर्च निकालने के बाद उनके पास परिवार चलाने के लिए नाममात्र के पैसे बचते हैं।
आंदोलन कर रहे राइडर्स ने मांग की है कि कंपनी के तय मानकों के अनुसार उनकी मजदूरी और कमीशन में तुरंत सुधार किया जाए। इस पूरे मामले पर स्थानीय प्रबंधन असमंजस में है। हालांकि टीम लीडर का कहना है कि वे इस समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय स्तर से अपडेट आने का इंतजार कर रहे हैं। जब तक ऊपर से कोई निर्देश नहीं आता, तब तक स्थानीय स्तर पर कुछ भी कहना संभव नहीं है। फिलहाल राइडर्स अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और कार्यालय के बाहर उनका प्रदर्शन जारी है।
सुनील कुमार शर्मा डिलीवरी बॉय ने कहा कि पिछले 6 महीने से हमारा कमीशन लगातार काटा जा रहा है। पहले जो 3 किमी पर 35-36 रुपये मिलते थे, उसे अब 24 रुपये कर दिया गया है। 16 घंटे बाइक चलाने के बाद भी हम परिवार पालने लायक नहीं कमा पा रहे हैं। जब तक कमीशन नहीं बढ़ेगा, हड़ताल जारी रहेगी। शंभू शंकर टीम लीडर, ब्लिंकिट ने कहा कि राइडर्स की हड़ताल के कारण फिलहाल डिलीवरी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हम उनकी मांगों और इस पूरी स्थिति को लेकर केंद्रीय स्तर (हेड ऑफिस) से अपडेट आने का इंतजार कर रहे हैं। वहां से निर्देश मिलते ही आगे का कदम उठाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर