मढ़ौरा नगर पंचायत में आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त
Jul 15, 2026, 17:17 IST
सारण, 15 जुलाई (हि.स.)। मढ़ौरा में पिछले पांच दिनों से जारी सफाई कर्मियों की हड़ताल बुधवार को छठे दिन समाप्त हो गई। मढ़ौरा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा सफाई कर्मियों की उचित मांगें पर विचार का आश्वासन दिया गया है, जिसके बाद सभी कर्मी काम पर लौट आए हैं। सफाई कर्मी विजय ने इसकी पुष्टि की है।
कर्मियों के लौटने के साथ ही मुख्य सड़कों और मोहल्लों से कचड़ा उठाव का कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि, पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण झाड़ू लगाने में कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन शहर को कचडे के अंबार से मुक्ति मिल गई है। हड़ताल खत्म होने और गंदगी हटने से स्थानीय नगर वासियों ने राहत महसूस की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार