8 दिनों बाद खत्म हुई नगर निगम कर्मियों की हड़ताल, मेयर ने लड्डू खिलाकर कराया मुंह मीठा
भागलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। बीते आठ दिनों से अपनी मांगों को लेकर अड़े भागलपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार शुक्रवार को समाप्त हो गई है। नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ हुई उच्चस्तरीय सफल वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का फैसला किया। हड़ताल टूटने की आधिकारिक घोषणा के बाद नगर निगम परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। नगर निगम परिसर में भागलपुर की मेयर डॉ. बसुंधरा लाल और सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों ने हड़ताली कर्मचारियों को अपने हाथों से लड्डू खिलाकर उनका अनशन और हड़ताल खत्म करवाया।
हड़ताल समाप्त होने की खुशी में सफाई कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया और जमकर जश्न मनाया। इसके तुरंत बाद सभी कर्मचारी अपने काम पर लौट गए और पिछले कई दिनों से शहर की सड़कों पर लगे कचरे के अंबार को हटाने तथा कचरा उठाव का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
है कि बिहार राज्य नगर निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर शुरू हुई इस हड़ताल को समाप्त करने के लिए विभागीय स्तर पर बैठक हुई, जिसमें कर्मचारियों की निम्नलिखित मांगों पर सहमति बनी है। जिसमें आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों के दैनिक मानदेय में बढ़ोतरी, ड्यूटी के दौरान जोखिम को देखते हुए कर्मचारियों को स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा का लाभ, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवाशर्तों को बेहतर किया जाएगा और मानदेय की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। कर्मियों को नियमित करने और अन्य जटिल मांगों की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी बनाई गई है, जो एक महीने में अपनी रिपोर्ट देगी। हड़ताल के दौरान जिन कर्मियों पर प्रशासनिक या दंडात्मक कार्रवाई की गई थी, उसे तुरंत वापस ले लिया गया है। इधर पिछले 8 दिनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण शहर के सभी 51 वार्डों में कचरे का ढेर लग गया था और बारिश के कारण सड़कों पर बदबू फैल रही थी। जलापूर्ति बाधित होने से भी लोग परेशान थे। अब हड़ताल खत्म होने से भागलपुर वासियों ने बड़ी राहत की सांस ली है। नगर निकाय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकास कुमार हरि ने बताया कि सरकार द्वारा मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने के बाद जनहित को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस ली गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर