भर्ती परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 10 केंद्रों पर होगी निगरानी
किशनगंज, 13 जून (हि.स.)। मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित सभागार में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। बैठक में 14 जून एवं 17 जून को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि परीक्षा का संचालन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और अनुशासन के साथ सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष और वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। जानकारी के अनुसार भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। जिले में लगभग 18,336 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और पहचान जांच अनिवार्य होगी। प्रथम पाली के लिए सुबह 8 से 9 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी।
निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी केंद्र पर कदाचार, सुरक्षा में चूक या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी अथवा कर्मी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, होटल, लॉज, फोटोस्टेट दुकानों एवं साइबर कैफे पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा से संबंधित शिकायतों और सूचनाओं के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह