राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अवैध निर्माण एवं अवैध वाहन पार्किंग के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई : जिलाधिकारी
सहरसा, 11 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुरक्षा,अवैध अतिक्रमण,अवैध वाहन पार्किंग तथा सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 106, 107 एवं 327ई के किनारे सड़क पर अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले ट्रक एवं अन्य वाहनों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर अर्थदंड लगाने का निर्देश संबंधित थाना पुलिस एवं परिवहन विभाग के प्रवर्तन पदाधिकारियों को दिया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क किनारे खड़े वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकतानुसार उन्हें जब्त कर संबंधित थानों में जमा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के आरओडब्ल्यू क्षेत्र के 15 मीटर के भीतर निर्मित होटल, दुकान, मकान एवं अन्य अवैध संरचनाओं को चिन्हित कर नोटिस निर्गत करने का निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को दिया। यदि कोई व्यक्ति नोटिस प्राप्त करने से इंकार करता है तो उसके भवन अथवा प्रतिष्ठान पर नोटिस चस्पा कर उसका फोटोग्राफिक साक्ष्य सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा से संबंधित पारित आदेशों के अनुपालन में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं पथ निर्माण विभाग की सड़कों के किनारे निर्मित अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी उद्देश्य से जिला स्तर पर राष्ट्रीय राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स तथा समर्पित हाईवे सर्विस टीम का गठन किया गया है। राजमार्गों पर यातायात नियमों के अनुपालन की समीक्षा करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध निर्माण एवं अवैध वाहन पार्किंग से बचें तथा यातायात सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार