नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती, ग्रामीणों ने किया समर्थन
भागलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढ़िया नदी, सिंहनान रोड गंगटा पोखर के समीप ब्राउन शुगर के बढ़ते कारोबार को लेकर इलाके में चिंता गहराती जा रही है। नशे के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर भले ही कुछ आरोप लगाए गए हों, लेकिन गांव के अधिकांश लोग पुलिस की इस पहल की खुलकर सराहना कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ब्राउन शुगर का जाल इस कदर फैल चुका है कि किशोर बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में जगदीशपुर थाना के एसआई विकास कुमार द्वारा की जा रही कार्रवाई को वे जरूरी और सराहनीय मानते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विकास कुमार एक निडर और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी हैं, जो नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। वहीं, जिन लोगों द्वारा दारोगा पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं, उन्हें ग्रामीण साजिश करार दे रहे हैं।
उनका कहना है कि नशा कारोबार से जुड़े लोग पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए इस तरह के आरोप लगाकर माहौल भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बीते 13 मार्च को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो गया इलाके की महिलाओं और ग्रामीणों ने भागलपुर के पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार यादव और विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार से मांग की है कि क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जाए, ताकि ब्राउन शुगर के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। लोगों का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस की इस मुहिम को और मजबूत करने की जरूरत है। अब सबकी निगाहें पुलिस के वरीय अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर