आंधी और बारिश से बढ़ी लोगों की परेशानी, आम और मकई के फसलों को नुक़सान

 


भागलपुर, 29 मई (हि.स.)। जिले में बीते देर रात और शुक्रवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश ने शहर में अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ और बड़ी-बड़ी टहनियां सड़क पर गिर गए।

वहीं तेज बारिश और खराब मौसम को देखते हुए शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गयी। तेज हवा के कारण बुढ़ानाथ चौक के आगे बुढ़िया काली मंदिर के पास स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उधर तिलकामांझी और बरारी सड़क मार्ग में भी कई पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गए। इस कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। कई वाहन चालकों को रास्ता बदलकर गुजरना पड़ा। तेज बारिश और आंधी के कारण बिजली विभाग ने एहतियातन शहर के कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।

विभागीय अधिकारियों ने कहा कि मौसम सामान्य होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस बारिश और आंधी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ा। सबसे अधिक नुकसान आम और मकई के फसलों को हुआ। तेज हवा के कारण आम के फल भरभरा कर गिर पड़े तो मकई के फसल पूरे तरह से भींग गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर