भागलपुर में आज दोपहर आंधी-बारिश और वज्रपात के आसार, उमस बरकार; किसानों को सतर्क रहने की सलाह

 


भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)।

जिले में शनिवार 26 सितंबर को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज आसमान में मुख्य रूप से घने बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय गरज के साथ तेज आंधी और बारिश होने की प्रबल संभावना है।

शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर 74% से 79% तक होने के कारण लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ रहा है। आज 18 मील प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवाएं चलेंगी।

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि दोपहर में तेज बारिश और आंधी की संभावना को देखते हुए खेतों में सिंचाई का काम तुरंत रोक दें। फसलों पर किसी भी प्रकार के कीटनाशक या उर्वरक का छिड़काव आज न करें, क्योंकि बारिश से दवाएं धुल जाएंगी। खेतों में जलभराव (वॉटरलॉगिंग) की स्थिति न बनने दें। गोभी, मिर्च, और टमाटर जैसी सब्जियों की नर्सरी या खड़ी फसलों के खेतों से जल निकासी का उचित प्रबंध पहले से कर लें। यदि किसी फसल की कटाई हो चुकी है, तो उसे तुरंत सुरक्षित स्थानों या शेड के नीचे पहुंचाएं ताकि उपज खराब न हो।

दोपहर में गरज-चमक के समय किसान और खेतिहर मजदूर खेतों में काम करने से बचें। आंधी-तूफान शुरू होने पर बड़े पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण बिल्कुल न लें और सुरक्षित पक्के मकानों में चले जाएं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय मौसमी डिप्रेशन अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। इसके प्रभाव से आज दोपहर तो तेज बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में निरंतर कमी आने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर