बाघ एक्सप्रेस पर पथराव, यात्री गंभीर रूप से घायल
सीवान, 25 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे के भटनी–सीवान रेलखंड पर शनिवार शाम असामाजिक तत्वों द्वारा चलती ट्रेन पर पथराव किए जाने की घटना में एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मैरवा और जीरादेई रेलवे स्टेशन के बीच हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायल यात्री की पहचान सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र के पारसगढ़ निवासी रामू साह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि धर्मेंद्र कुमार मैरवा धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद काठगोदाम से हावड़ा जाने वाली 13019 डाउन बाघ एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे।
धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जैसे ही ट्रेन मैरवा स्टेशन से खुलकर पुल के पास पहुंची, बाहर मौजूद असामाजिक तत्वों ने अचानक चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान एक बड़ा पत्थर खिड़की से आकर उनके सिर पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर ही गिर पड़े। घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रेन के सीवान जंक्शन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों ने तत्काल घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। जीआरपी द्वारा परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद वे भी अस्पताल पहुंच गए, जहां घायल का इलाज जारी है।
घटना के बाद जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेल पुलिस पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं पर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।
आरपीएफ निरीक्षक निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जख्मी यात्री स्लीपर क्लास में यात्रा कर रहा था एवं उसके पास टिकट नहीं पाया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma