तिलक समारोह से चुराई बाइक बेचने की फिराक में था युवक, पुलिस ने दबोचा

 


सीवान, 04 सितंबर (हि.स.)। बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित सघुनी मठ के पास पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में खड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से काले रंग की स्पेलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने पुलिस को बताया कि उक्त मोटरसाइकिल लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र में आयोजित एक तिलक समारोह से चोरी की गयी थी। पुलिस के अनुसार बड़हरिया थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि पुरानी बाजार सघुनी मठ के समीप एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के प्रयास में है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल वहां छापेमारी की। पुलिस को देखते ही युवक मोटरसाइकिल लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान राजा बाबू, पिता मोहम्मद इस्माईल, निवासी करबला कुबही, थाना बड़हरिया, जिला सीवान के रूप में हुई है। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल के संबंध में उससे पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही वाहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत कर पाया। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान उसने मोटरसाइकिल चोरी की होने की बात स्वीकार की और बताया कि इसे लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र में आयोजित एक तिलक समारोह से चोरी किया गया था।

इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में बड़हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के साथ चोरी की घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। कार्रवाई में बड़हरिया थानाध्यक्ष पु.नि. छोटन कुमार, अपर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. कुंदन कुमार तिवारी समेत थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma