स्टार्टअप बिहार की पहल: कटिहार में नए उद्यमियों और बैंकों के बीच बनी सीधी कड़ी, फंड जुटाना होगा आसान
कटिहार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उद्योग विभाग, बिहार सरकार के ‘स्टार्टअप बिहार’ के तत्वावधान में गुरुवार को कटिहार में एक दिवसीय जिला-स्तरीय ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के नवोदित उद्यमियों और स्टार्टअप्स को विभिन्न बैंकों, वित्तीय संस्थानों और आधुनिक डिजिटल फाइनेंस प्रणालियों से जोड़कर पूंजी तक उनकी पहुंच को आसान बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान वित्तीय विशेषज्ञों और बैंक अधिकारियों ने प्रतिभागियों को बैंक योग्य प्रस्ताव तैयार करने, क्रेडिट अप्रेजल और ऋण स्वीकृति की प्रक्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराया। विशेष रूप से केंद्र सरकार की सीजीएसएस (क्रेडिट गारंटी स्कीम फॉर स्टार्टअप्स) योजना और रेज़रपे जैसे डिजिटल पेमेंट टूल्स के व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान आयोजित ‘वन-टू-वन’ सत्र में उद्यमियों ने सीधे बैंक प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी परियोजनाओं के वित्तीय पोषण पर चर्चा की।
आयोजन में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य, नाबार्ड के डीडीएम अमित कुमार सिन्हा, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक मनीष कुमार, बिहार ग्रामीण बैंक की प्रबंधक ऋचा कुमारी और आईईओ उदय शंकर गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के संचालन व समन्वय में स्टार्टअप प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, जिला समन्वयक दिलीप कुमार और छात्र समन्वयक गोपाल तिवारी, रौशन कुमार, तौफीक हयात व शमा करीम की सक्रिय भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह