बैंकिंग की सुरक्षित नौकरी छोड़ शुरू किया सीमेंट का कारोबार, अब हर महीने हो रही 80 हजार की बचत

 


भागलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। बैंकिंग सेक्टर की सुरक्षित नौकरी छोड़कर स्वरोजगार का जोखिम उठाने वाले राजीव आज अपनी मेहनत और लगन के दम पर सफलता की नई कहानी लिख रहे हैं। राजीव प्रदीप पहले बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत थे। नौकरी के दौरान उन्हें हर महीने महज 15 से 20 हजार रुपये की ही बचत हो पाती थी, जिससे वे संतुष्ट नहीं थे। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और कुछ बड़ा करने की चाह में उन्होंने नौकरी छोड़ खुद का व्यवसाय शुरू करने का साहसिक फैसला लिया।

राजीव ने भागलपुर में पेवर ब्लॉक, सीमेंटेड ईंट, गमले और पार्कों में लगने वाली सीमेंटेड बेंच जैसे उत्पाद बनाने का काम शुरू किया। नए बाजार में पैर जमाना उनके लिए आसान नहीं था। शुरुआती दौर में कई चुनौतियां सामने आईं और कई बार उन्हें अपनी जमा पूंजी डूबने का डर भी सताने लगा। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और गुणवत्ता व मेहनत के बल पर बाजार में अपनी पहचान बनाई। धीरे-धीरे उनके उत्पादों की मांग बढ़ी और कारोबार ने रफ्तार पकड़ ली। आज राजीव अपने व्यवसाय से हर महीने करीब 80 हजार रुपये की शुद्ध बचत कर रहे हैं। इतना ही नहीं, वे अपने काम के जरिए कई अन्य फैक्ट्रियों को भी सहयोग दे रहे हैं, जिससे दूसरे लोगों के कारोबार को भी आगे बढ़ने में मदद मिल रही है।

राजीव की यह सफलता आज उन तमाम युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो नौकरी के पीछे भागने के बजाय खुद का व्यवसाय शुरू कर रोजगार सृजन करना चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर