एसएसपी ने किया विभिन्न घाटों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 


भागलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों और आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर मंगलवार को भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के विभिन्न गंगा घाटों एवं नाव परिवहन व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया गया।

इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य घाटों पर सुरक्षा-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करना और यात्रियों के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करना था। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने घाटों पर सुरक्षा मानकों, नावों के सुरक्षित परिचालन, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और वहां होने वाली भीड़-भाड़ की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को चौबीसों घंटे सतत निगरानी रखने का सख्त निर्देश दिया। एसएसपी ने नाव संचालकों द्वारा क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने और लाइफ जैकेट जैसे अनिवार्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की बात कही।

उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाव परिवहन के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही, किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन और गोताखोरों की टीम को अलर्ट मोड पर रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भागलपुर पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम नाव परिवहन सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और गश्त की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर