एसएसपी ने साइबर थाने का किया निरीक्षण
भागलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने शनिवार को साइबर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने साइबर थाने के कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को साइबर अपराध से संबंधित लंबित मामले का निष्पादन का निर्देश दिए। एसएसपी ने विभिन्न संबंधित पोर्टलों पर मामलों की अद्यतन स्थिति को नियमित रूप से अपडेट रखने को कहा। साथ ही अनुसंधान की गुणवत्ता और पुलिस कार्यों में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधी अक्सर बैंक अधिकारी, पुलिस, कूरियर कंपनी या सरकारी विभाग का कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते हैं।
डरा-धमकाकर या झांसा देकर ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी मांगते हैं। लोगों को ऐसी किसी भी कॉल या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए। कोई भी बैंक या सरकारी संस्था फोन पर इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगती है। एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया या मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं, नौकरी, लॉटरी और केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजे गए संदेशों से सतर्क रहने की जरूरत है।
किसी भी अनजान ऐप को मोबाइल में डाउनलोड न करें और स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप का उपयोग करने से बचें। एसएसपी ने कहा कि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे सबसे पहले अपने संबंधित बैंक को सूचना देकर खाते को ब्लॉक या सुरक्षित कराना चाहिए। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर