एसएसपी ने नवनिर्मित 20 महिला सिपाही बैरक का किया उद्घाटन
भागलपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा मंगलवार को औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना परिसर में नवनिर्मित 20 महिला सिपाही बैरक का विधिवत् उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि बिहार पुलिस द्वारा पुलिस अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नवनिर्मित महिला बैरक के संचालन से महिला पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे वे अधिक समर्पण, दक्षता एवं उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत एवं आवासीय सुविधाएं पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ कार्यक्षमता एवं अनुशासन को भी सुदृढ़ करती हैं।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरक पुलिसकर्मियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित आवासीय वातावरण सुनिश्चित करेगा, जिससे पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
इस अवसर पर एसएसपी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अनुशासन, जवाबदेही, जनसंपर्क तथा नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, नियमित गश्ती, साइबर अपराध, अवैध शराब एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी ने नवनिर्मित बैरक के रखरखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं के समुचित उपयोग के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता एवं मनोबल में वृद्धि होगी तथा आम नागरिकों को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर