एसएसपी का जनता दरबार, मामलों की हुई सुनवाई

 


भागलपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। यह जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, जहां दूर-दराज से पहुंचे फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचते हैं और अधिकारियों से सीधे संवाद करते हैं।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर दिन लोगों की बातों को सुनकर उस पर त्वरित कार्रवाई करना ही उनका कर्तव्य है। जनता दरबार के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत होता है, जिससे कई मामलों का समाधान मौके पर ही संभव हो पाता है।

जनता दरबार में मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, जमीन से जुड़े झगड़े और पुराने मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसएसपी ने बताया कि इन मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द विवादों का निपटारा हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आपसी सहमति से समाधान कराने का प्रयास किया जाता है, जिससे समाज में सौहार्द बना रहे। एसएसपी ने यह भी जानकारी दी कि पुलिस विभाग के अन्य कार्यालयों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की शिकायत को लंबित न रखा जाए और समय पर उसका निष्पादन किया जाए। इससे न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि लोगों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों को त्वरित न्याय दिलाना और समाज में शांति बनाए रखना है। पुलिस प्रशासन लगातार इस दिशा में प्रयासरत है ताकि हर व्यक्ति सुरक्षित और संतुष्ट जीवन जी सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर